हाल ही में ओडिशा पुलिस ने एक क्रिप्टो फ्रॉड स्कीम का खुलासा किया है। यह फ्रॉड स्कीम पुरे देश में फैली हुई थी जिसमें इसके इन्वेस्टरों ने मिलकर कुल ₹1000 करोड़ [$120.69 मिलियन] से अधिक का निवेश किया था। दरअसल मामला STA टोकन का है।
सोलर टेक्नो एलायंस (STA) सितंबर 2021 में लॉन्च किया गया था। यह एक पिरामिड स्ट्रक्चर पोंजी स्कैम था, जिसमें जालसाज अधिक से अधिक लोगों को क्रिप्टो टोकन में निवेश करने और बड़ी संख्या में करंसी इकट्ठा करने के लिए प्रोत्साहित करते थे। इसके अलावा पीड़ितों को समूह में अधिक लोगों को शामिल करने के लिए भी प्रोत्साहित करते थे। जालसाज लोगो को उनका पैसा डबल या ट्रिपल होने का लालच देते थे। साथ ही नए लोगो को जोड़ने पर भी क्रिप्टो टोकन इनाम में दिए जाते थे। आरोपियों ने लोगो को दावा किया था की यदि वे इस योजना में शामिल होते हैं और अपने साथ और सदस्यों को जोड़ते हैं तो वे प्रति दिन $20 से $3000 कमाएँगे।
आरोपियों ने लोगों को लुभाने के लिए और सामान्य क्रिप्टो टोकन दिखाने के लिए यूट्यूब चैनल से लेकर एक प्रामाणिक दिखने वाली वेबसाइट तक हर संभव कदम उठाया था। इसके सोशल मीडिया अकाउंट्स में तो यहाँ तक दावा किया गया था कि यह वन-स्टॉप सोलर टेक्नोलॉजीज सेवा है, जो यूज़र्स को ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी का उपयोग करके कम से कम समय में निकटतम मार्केट से अपनी पसंद की कोई भी चीज़ ऑर्डर करने में सक्षम बनाती है। यहाँ तक की इसके सदस्यों ने अपने दैनिक व्यवसाय में लीगल टेंडर के रूप में STA टोकन का उपयोग करना शुरू कर दिया था। जबकि कंपनी को RBI या किसी अन्य प्राधिकरण द्वारा कोई लाइसेंस नहीं दिया गया था।
फ्रॉड नेटवर्क बड़े समारोहों का आयोजन भी करता था और अप-लाइन सदस्यों को उनके प्रदर्शन के आधार पर बोनस भी देता था। पिछले हफ्ते STA ने गोवा के एक आलीशान होटल में एक भव्य आयोजन भी किया था। वे भावी सदस्यों का ब्रेनवॉश करने के लिए फैंसी होटलों, मोटिवेशनल स्पीकर्स , संगीत, लंच/डिनर आदि का उपयोग करते थे।
घोटाले में दिल्ली, झारखंड, राजस्थान आदि विभिन्न राज्यों के लोग शामिल है। ओडिशा से 10,000 से अधिक लोगों ने घोटाले में अपना पैसा खो दिया। इसमें बिहार, दिल्ली, झारखंड, राजस्थान, एमपी और हरियाणा से काफी लोग शामिल हैं। लगभग 2 लाख लोग इसके सदस्य हैं ।
पुलिस ने STA क्रिप्टो टोकन के प्रमुख Gurtej Sigh Sidhu को श्री गंगानगर, राजस्थान से और इसकी ओडिशा यूनिट के हेड Nirod Das को गिरफ्तार किया है।
हाल ही में भारत में बढ़ते क्रिप्टो स्कैम और क्रिप्टो रेगुलेशंस की कमी के चलते सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को फटकार लगाई है। केंद्र सरकार भी लम्बे समय से क्रिप्टो स्कैम्स से बचाव के लिए क्रिप्टो रेगुलेशंस बनाने का प्रयास कर रही है। लेकिन इस घटना के बाद क्रिप्टो स्पेस में और भी कड़े नियम लागू किये जा सकते हैं। क्रिप्टो पर सरकार के मौजूदा रुख और STA टोकन घोटाले के नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए, इस बात की अधिक संभावना है कि भारत सरकार क्रिप्टो स्पेस में जल्द से जल्द अधिक कठोर नियम लागू कर सकती है।
यह भी पढ़िए : Elon Musk ने X पर दिया बयान, DOGE कम्युनिटी में दौड़ी खुशी की लहर
शेयर